ओयो होटल्स एंड होम्स ने आदित्य घोष को कंपनी के बोर्ड में शामिल किया है। इससे पहले घोष सीईओ (इंडिया-साउथ एशिया) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, अब ये जिम्मा रोहित कपूर को मिला है। कपूर अब तक कंपनी के न्यू रिएल एस्टेट बिजनेस के सीईओ थे। ओयो ने सोमवार को इन बदलावों की जानकारी दी।
ओयो से पहले आदित्य घोष इंडिगो एयरलाइन में थे
आदित्य घोष पिछले साल नवंबर में ओयो के सीईओ बने थे। उससे पहले 10 साल तक इंडिगो में थे। दूसरी ओर रोहित कपूर पिछले साल दिसंबर में ओयो के रिएल एस्टेट कारोबार के सीईओ बने थे। उससे पहले मैक्स हेल्थयेकर के बोर्ड मेंबर और कार्यकारी निदेशक थे।
ओयो के फाउंडर और ग्रुप सीईओ रितेश अग्रवाल का कहना है कि आदित्य की मजबूत कारोबारी कुशलता, समस्याओं के समाधान की क्षमता मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस वाला संस्थान बनाने की इच्छा जैसी खूबियों को देखते हुए उन्हें बड़ी और रणनीतिक जिम्मेदारी दी गई है।
बीते वित्त वर्ष (2018-19) में ओयो का घाटा 6 गुना बढ़कर 2,384.69 करोड़ रुपए पहुंच गया। 2017-18 में 360.43 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। हालांकि, रेवेन्यू चार गुना से भी ज्यादा बढ़कर 6,457 करोड़ रुपए रहा। 2017-18 में 1,413 करोड़ था।